सोनभद्र (अमान खान ब्यूरो चीफ): उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्या श्रीमती गीता विश्वकर्मा जी बुधवार, 04 फरवरी 2026 को जनपद सोनभद्र के दौरे पर रहेंगी। उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
महिला शिकायतों की होगी सीधी सुनवाई
अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, माननीय सदस्या बुधवार दोपहर 11:00 बजे सर्किट हाउस सभागार, चुर्क में महिला उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों की जनसुनवाई करेंगी। इस दौरान वे मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगी।
विभिन्न विभागों का करेंगी स्थलीय निरीक्षण
जनसुनवाई के उपरांत श्रीमती गीता विश्वकर्मा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग तथा आंगनबाड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ आयोजित ‘जागरूकता चौपाल’ में सम्मिलित होंगी। उनके व्यस्त कार्यक्रम में जिले की महत्वपूर्ण संस्थाओं का निरीक्षण भी शामिल है, जिसमें:
- जिला कारागार स्थित महिला बंदी गृह का निरीक्षण।
- जिला चिकित्सालय एवं वन स्टॉप सेंटर का जायजा।
- कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण।
इस दौरे का मुख्य उद्देश्य जनपद में महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा की स्थिति का आकलन करना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुँचाना सुनिश्चित करना है।






