सोनभद्र,अमान खान ब्यूरो चीफ। लोढ़ी टोल प्लाजा पर रविवार को महिला अधिवक्ता और उनके परिवार के साथ हुए विवाद और मारपीट के मामले में रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए घटना में शामिल दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या था विवाद का कारण?
पुलिस के अनुसार, 1 फरवरी 2026 को समय करीब 3:10 बजे वादी श्रीमती आरती पाण्डेय अपने परिवार के साथ कार (UP64 AU9142) से चोपन की ओर जा रही थीं। लोढ़ी टोल प्लाजा की लेन संख्या-03 में तकनीकी कारणों (मैसेज प्राप्त न होने) से अगली गाड़ी के रुकने के कारण यातायात बाधित हो गया। कुछ मिनटों की देरी होने पर आरती पाण्डेय और टोल कर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जिसने बाद में हिंसक मोड़ ले लिया और मारपीट हो गई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़िता की तहरीर पर थाना रॉबर्ट्सगंज में BNS की विभिन्न धाराओं (191(2), 109(1), 115(2), 352, 351(3), और 74) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दो मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है:
- रामजी तिवारी (निवासी: हमीरपुर)
- सर्वेश यादव (निवासी: अम्बेडकर नगर) नोट: घटना में शामिल 7-8 अन्य अज्ञात टोल कर्मियों की तलाश जारी है।
पुलिस टीम की तत्परता
इस निष्पक्ष कार्यवाही को अंजाम देने में प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा, चौकी प्रभारी चुर्क विनोद कुमार यादव और चौकी प्रभारी लोढ़ी उमाशंकर यादव की टीम का मुख्य योगदान रहा। सोनभद्र पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे शांति और संयम बनाए रखें तथा कानून का पालन करें।






