अमान खान ब्यूरो चीफ सोनभद्र। जनपद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान पूरी सक्रियता के साथ चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के कुशल निर्देशन में शनिवार को जिले भर के थानों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य समाज के हर वर्ग को सुरक्षा के प्रति सजग बनाना और महिलाओं में आत्मविश्वास पैदा करना है।
शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर सीधा संवाद
क्षेत्राधिकारी यातायात एवं मिशन शक्ति की सहायक नोडल अधिकारी डॉ. चारु द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने विद्यालयों, कॉलेजों, बाजारों और प्रमुख चौराहों पर सघन जन-संपर्क किया। इस दौरान छात्राओं और महिलाओं को न केवल उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई, बल्कि ‘गुड टच-बैड टच’ की बारीकियों और आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर भी सिखाए गए। पुलिस कर्मियों ने संवाद के माध्यम से यह संदेश दिया कि महिलाएं स्वयं को अकेला न समझें, पुलिस हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।
साइबर अपराधों से बचने के लिए ‘अलर्ट मोड’ पर रहने की सलाह
बढ़ते डिजिटल युग में साइबर ठगी की चुनौतियों को देखते हुए पुलिस ने विशेष सत्र आयोजित किए। टीम ने समझाया कि अपराधी किस तरह डर और लालच का सहारा लेकर ओटीपी (OTP) या संदिग्ध लिंक के जरिए लोगों को ठगते हैं। किसी भी अनजान कॉल या मैसेज पर भरोसा न करने और सोशल मीडिया पर अपनी गोपनीयता बनाए रखने की अपील की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि छेड़छाड़ या उत्पीड़न की किसी भी सूचना पर तत्काल और कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आपात स्थिति में इन नंबरों का करें प्रयोग:
- 112: आपातकालीन पुलिस सेवा
- 1090/1091: महिला पावर हेल्पलाइन
- 1930: साइबर अपराध सहायता
- 181: महिला हेल्पलाइन
- 1076: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन







