रायबरेली ब्यूरो। उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) द्वारा आज जल अर्पण कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत विनोहरा, विकासखण्ड-राही में सदर विधायक अदिति सिंह की अध्यक्षता में किया गया, जिसके अन्तर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के अन्तर्गत पूर्ण की गयी पेयजल योजना को औपचारिक रूप से सम्बन्धित ग्राम पंचायत एवं ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति (वीडब्ल्यूएससी) को हस्तांतरित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन, रखरखाव एवं सतत प्रबंधन की जिम्मेदारी स्थानीय स्तर पर सुनिश्चित करना है।
विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि जल अर्पण कार्यक्रम जल जीवन मिशन के उद्देश्यों को धरातल पर साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होने कहा कि योजनाओं को ग्राम पंचायतों को हस्तान्तरण स्थानीय स्वामित्व, जवाबदेही तथा सामूहिक सहभागिता को सुदृढ करेगा, जिससे पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित होगी। उन्होंने यह भी कहा कि ग्राम स्तर पर संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी मिलने से योजनाओं की गुणवत्ता एवं सेवा निरन्तर बनी रहेगी।
इस अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर नल से जल के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए यह बताया गया कि जल जीवन मिशन के अन्तर्गत राज्य में सुरक्षित, स्वच्छ एवं नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान हर घर जल घोषणा, (जल अर्पण प्रतीकात्मक हस्तांतरण) ग्राम पंचायत एवं वीडब्ल्यूएससी प्रतिनिधियों को प्रदान किए गए। विधायक ने कहा गया कि जल अर्पण कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम पंचायतों को योजनाओं के संचालन एवं अनुरक्षण की जिम्मेदारी सौंपकर स्थानीय स्तर पर सतत जल प्रबंधन सुनिश्चित किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जल संसाधनों का संरक्षण, उचित उपयोग एवं प्रबंधन केवल सरकारी दायित्व न होकर सामूहिक सामाजिक उत्तरदायित्व है, जिसमें ग्राम पंचायतों, ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों तथा नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियन्ता, अधिशासी अभियन्ता (सिविल एवं वि०यॉ०), उ०प्र० जल निगम (ग्रामीण) व अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, ग्राम प्रधान, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्य स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या मे ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहें।







