पीलीभीत । विधायक महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद ने कहा है कि सड़क सुरक्षा अभियान केवल एक अभियान नहीं है, बल्कि यह भविष्य के लिए सुखद जीवन का संदेश है। यह अभियान न केवल पीलीभीत में चला बल्कि पूरे प्रदेश और देश भर में चलाया जा रहा है। स्वामी प्रवक्तानंद शनिवार को स्थानीय वीरांगना अवंतीबाई जिला पंचायत इंटर कॉलेज के सभागार में परिवहन विभाग द्वारा आयोजित सड़क सुरक्षा माह के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में संबोधन कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के नियम का लागू कराने के लिए केवल परिवहन विभाग, जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन की यह जिम्मेवारी नहीं है बल्कि यह पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना से एक व्यक्ति नहीं प्रभावित नहीं होता है, बल्कि पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों सें आग्रह किया कि वे सड़क सुरक्षा के नियमों के पालन के लिए अपने परिजनों को अवगत करायें। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहाकि सडक सुरक्षा नियमों के पालन के लिए भले ही यह एक माह का अभियान था, लेकिन इसे सतत जारी रखने की आवश्यकता है।
सड़क दुर्घटनायें बढ़ रही हैं जिसमें जन-सामान्य को जान-माल की हानि हो रही है। इसे रोकने को हमें अपने स्वयं के व्यवहार में बड़ा बदलाव लाना पड़ेगा। अन्य देशों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि यदि हम सभी सड़क पर अनुशासन पूर्वक वाहन संचालित करें तो सड़क दुर्घटनायें निश्चित रूप से नियंत्रित हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा में स्कूली बच्चे महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते है, वे अपने माता-पिता, परिजनों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को भावनात्मक रूप से जागरूक कर सकते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं से इस कार्यक्रम में मिली जानकारी को प्रसारित करने को कहा ताकि आप लोगों के परिजन सुरक्षित रहें।
अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने अपने संबोधन में कहाकि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन ही सुरक्षा के लिए सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि जनपद में लागू हुई जेड.एफ.डी. योजना के विषय में बताया गया कि जनपद पीलीभीत को जीरो मृत्यु दर जनपद के रूप में चिन्हित किया गया है। इन मार्गों पर प्रभावी निगरानी व दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु थानावार 05 क्रिटिकल कॉरिडोर टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा की मार्ग पर जो जितना सचेत रहेगा, सुरक्षा उपायों का प्रयोग करेगा वह उतना ही सुरक्षित रहेगा।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने सड़क सुरक्षा माह की आख्या प्रस्तुत की। उन्होंने पूरे माह मनाये गये कार्यक्रमों का विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि माह के अर्न्तगत जन-जागरूकता, प्रवर्तन कार्यवाही, जनप्रतिनिधियों की सहभागिता, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा एवं सहायता, जीरो फैटालिटी योजना, सड़क संरचना में सुधार जैसे प्रमुख विषयों पर पूरे माह कार्यवाही की गयी। वाहन चालकों का प्रशिक्षण, उनका स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण कराया गया, हेलमेट एवं सीटबैल्ट लगाकर वाहन संचालित करने वाले चालकों को गुलाब का फूल देकर उन्हें सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार उक्त माह के द्वितीय सप्ताह में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर प्रवर्तन कार्यवाही की गयी। नो हेल्मेट-नो फ्यूल अभियान प्रमुखता से चलाते हुए जनपद के समस्त क्षेत्रों में संचालित पेट्रोल पम्पों पर जाकर नो हेलमेट-नो फ्यूल पालिसी के क्रियान्वयन हेतु बिना हेलमेट लगाये आने वाले वाहन चालकों के विरूद्ध प्रवर्तन कार्यवाही की गयी। साथ ही उन्हें हेलमेट की महत्वतता के विशय में अवगत कराते हुए उनसे हेलमेट लगाने को प्रेरित किया गया। तृतीय सप्ताह में स्कूल वाहनों की चेकिंग का अभियान चलाते हुए मार्ग पर संचालित पायी जाने वाली स्कूल बसों के साथ स्कूलों में जाकर स्कूल वाहनों का भौतिक निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि वाहनों में सुरक्षा मानक पूर्ण व क्रियाशील हों।
अंतिम सप्ताह में सड़क किनारे, ढाबों के बाहर खड़े होने वाले अनाधिकृत वाहनों के विरूद्ध अभियान चलाया गया साथ ही जनपद के समस्त विकास खण्डों में एक जागरूकता कार्यशाल आयोजित करते हुए ग्राम प्रधानों, पंचायत सदस्यों एवं पंचायत सचिवों को सड़क सुरक्षा के विषय एवं जिले मे लागू होने वाले जीरो फैटालिटी डिस्ट्रिक, राहवीर योजना, कैशलेस उपचार योजना के संबध में विस्तृत जानकारी देते हुए उसका प्रचार-प्रसार गांव-गांव तक करने हेतु प्रेरित किया गया।
वीरांगना अवंती बाई जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सडक सुरक्षा पर एक नुक्कड नाटक प्रस्तुत कर सभी को सडक सुरक्षा नियमों के पालन के संबंध में जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में राहवीर योजना के तहत जिले के प्रथम व्यक्ति के रुप में एसएन इंटर कॉलेज के अध्यापक तथा संडक सुरक्षा अभियान के नोडल अध्यापक इंतजार खां को विधायक, जिलाधिकारी तथा अपर पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित किया। सड़क सुरक्षा माह में उत्कृष्ट योगदान देने वाली रामलुभाई साहनी महाविद्यालय की डॉ.बरखा, वीरांगना अवंती बाई जिला पंचायत इंटर कॉलेज की शिक्षिकाओं को रोड सैफ्टी चैंपियन के रुप में सम्मानित किया।
इसके अलावा उच्च शिक्षा विभाग में भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान राजकीय स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय बीसलपुर की चाहत, संघटक राजकीय महाविद्यालय पूरनपुर के अभिनय, पुष्प इंस्टीट्यूट के देवऋषि शर्मा ने तृतीय स्थान, सडक सुरक्षा रील प्रतियोगिता में बीसलपुर की चाहत, गन्ना कृषक महाविद्यालय के लक्ष्य तथा रामलुभाई साहनी महिला महाविद्यालय की कोमल शर्मा प्रथम तीन स्थान पर रही। इसके अलावा नुक्कड नाटक प्रतियोगिता में रामलुभाई साहनी महिला महाविद्यालय ने प्रथम, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बीसलपुर ने द्वितीय तथा संगटक राजकीय महाविद्यालय पूरनपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
माध्यमिक विद्यालयों में भाषण प्रतियोगिता में एसएन इंटर कॉलेज की दिलकश, स्पिंरगडेल की सहज प्रतीत कौर, आर्य कन्या की अंशिका तिवारी ने तृतीय स्थान पाप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में अवंती बाई की सोनम, स्पिंरगडेल की रिया गंगवार तथा अवंती बाई की स्वाति मौर्य को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया। नुक्कड नाटक प्रतियोगिता में आर्य कन्या इंटर कॉलेज की टीम प्रथम रही। कार्यक्रम का संचालन डॉ.अमिताभ अग्निहोत्री ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।
इस अवसर पर परिवहन विभाग की यात्रीकर अधिकारी बर्डिस चर्तुवेदी, यातायात निरीक्षा राघवेन्द्र सिंह चैहान, वीरांगना अवंती बाई इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या अजय चैहान, ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज के उप प्रधानाचार्य लोकेश, सहित विभिन्न विद्यालयों के अध्यापक तथा विद्यार्थी, परिवहन विभाग का स्टाफ उपस्थित रहे।







