संवाददाता: फरीद अहमद
किशनगंज। पौआखाली बाजार के डे मार्केट मार्ग से इन दिनों ओवरलोड ईंट लदे ट्रैक्टरों का परिचालन लगातार जारी है। लोगों का आरोप है कि क्षमता से अधिक ईंट लादकर ट्रैक्टरों का आवागमन किया जा रहा है, जिससे सड़क पर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
राहगीरों कहना है कि कई ट्रैक्टरों में ईंटें इतनी ऊंचाई तक लादी जाती हैं कि संतुलन बिगड़ने पर सड़क पर गिर सकती हैं। बाजार क्षेत्र में दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है, ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
लोगों ने बताया कि संकरी सड़क और भीड़भाड़ वाले इलाके से गुजरने वाले इन ओवरलोड वाहनों के कारण पैदल चलने वाले, साइकिल सवार और दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक जोखिम में हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो किसी गंभीर दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
क्षेत्रवासियों ने परिवहन विभाग और स्थानीय प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों पर नियमित निगरानी और कार्रवाई से संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
लोगों की मांग है कि बाजार क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों के परिचालन पर सख्ती से रोक लगाई जाए ताकि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।





