संवाददाता: आशीष कश्यप, लखनऊ
लखनऊ। राजधानी के ऐतिहासिक नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान (लखनऊ चिड़ियाघर) स्थित बारादरी लॉन में रविवार को ‘वृक्षारोपण महायज्ञ 2026’ के अंतर्गत एक भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान के तहत उत्तर प्रदेश में एक ही दिन में 35 करोड़ पौधों के रोपण का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश शासन के मुख्य सचिव, आईएएस श्री एस.पी. गोयल रहे, जिन्होंने पारंपरिक और पवित्र पारिजात का पौधा रोपकर इस महाअभियान का औपचारिक शुभारंभ किया।

इस अवसर पर शासन और प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पौधारोपण करने वालों में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री संजय प्रसाद, मुख्यमंत्री जी के सचिव श्री सुरेन्द्र सिंह व श्री सूर्यपाल गंगवार, पशुधन व दुग्ध विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री मुकेश मेश्राम शामिल थे। इनके अलावा पर्यटन व संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अमृत अभिजात, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री पार्थसारथी सेन शर्मा, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव श्री अजय चौहान, और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती वी.ओ. हेकाली झिमोमी ने भी पौधे लगाए।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. सत्य नारायण सबत, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव श्री संजीव सिंह, वन सचिव श्री मनीष मित्तल, और प्रसिद्ध समाज सेविका व उद्यमी श्रीमती सुनैना चौधरी भी उपस्थित रहीं। वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य जीव) श्रीमती अनुराधा देवुरी, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री ललित कुमार वर्मा, श्री रामकुमार (टाइगर प्रोजेक्ट), और श्री दीपक कुमार ने भी इस महायज्ञ में सहभागिता की। प्राणि उद्यान के निदेशक श्री संजय बिस्वाल और क्षेत्रीय वन अधिकारी श्री मुकेश काण्डपाल सहित उद्यान के सभी कर्मचारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।

मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव का संदेश: ‘एक पौधा माँ के नाम‘
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री एस.पी. गोयल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का यह पूरा प्रयास है कि राज्य को जल्द से जल्द ‘हरित प्रदेश’ की श्रेणी में लाया जाए। सरकार इस वर्ष एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाकर प्रदेश को पूरी तरह से हरियाली की ओर ले जाने का प्रयास कर रही है, ताकि पर्यावरण शुद्ध हो सके और जलवायु परिवर्तन व प्रदूषण जैसी गंभीर समस्याओं से उत्तर प्रदेश को पूरी तरह मुक्त रखा जा सके। इस मौके पर उन्होंने प्रदेशवासियों से एक भावुक अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक पर्यावरण संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा ‘अपनी माँ के नाम’ पर अवश्य लगाएं।

कार्यक्रम के समापन पर नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान के निदेशक श्री संजय कुमार बिस्वाल ने कार्यक्रम में पधारे सभी विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न के रूप में पौधे भेंट कर उनका सम्मान किया और इस महाअभियान का हिस्सा बनने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।






