वरदान, दैनिक अयोध्या टाइम्स संवाददाता
रामपुर मनिहारान |
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कस्बे के शिवालयों में श्रद्धा और भक्ति की अनूठी छटा देखने को मिली। तड़के सुबह से ही शिवभक्त मंदिरों की ओर उमड़ पड़े। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोषों से पूरा कस्बा शिवमय हो गया। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर अपने परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर समितियों द्वारा जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। सुबह करीब 4 बजे से ही शिवालयों के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं, जो सुबह 10 बजे तक लगातार बनी रहीं। पूजा-पाठ, रुद्राभिषेक और मंत्रोच्चारण के बीच मंदिरों का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। वहीं दूसरी ओर, कांवड़ यात्रा से लौट रहे शिवभक्त भी कस्बे में पहुंचे। मोहल्ला कायस्थान के निवासी जब हरिद्वार से 131 लीटर गंगाजल लेकर लौटे, तो कस्बावासियों ने फूल बरसाकर उनका भव्य स्वागत किया।
श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, दूध, दही, शहद और जल से भगवान शिव का पूजन कर मनोकामनाएं मांगीं। मंदिरों की परिक्रमा करते हुए भजन-कीर्तन और जयकारों से माहौल सरस बना रहा।







