सरसावा(अंजू प्रताप)। ग्राम ढिक्का कला में प्लॉट पर नींव भरने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस मामले में चार नामजद आरोपियों को सरसावा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पूरे घटनाक्रम के बारे में बात करें तो सोमवार को ग्राम ढिक्का कला निवासी शहीद पुत्र यासीन अपने प्लॉट पर नींव भरने का कार्य करवा रहा था। इसी दौरान गांव के ही चार लोगों ने मौके पर पहुंचकर नींव भरने से मना किया। बात बढ़ने पर चारों ने शहीद के बेटे अब्दुल रहीम उर्फ सोनू पर फावड़े और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए परिवार के अन्य सदस्य अहतेशाम, तज्जमुल, नईम और कु. तबुस्सुम भी हमले में घायल हो गए। जबकि सोनू को गंभीर अवस्था में पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां 23 जुलाई को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पूरे मामले में पीड़ित की तहरीर पर मारपीट और जान से मारने की नीयत से हमला करने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। लेकिन पीड़ित युवक की मौत के बाद अब मामले से संबंधित धारा भी जोड़ी गई है। वही गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी उस्मान, जावेद, जर्रार उर्फ भूरा और अब्दुल करीम सभी ग्राम ढिक्का कला थाना सरसावा के निवासी हैं। पुलिस ने इन्हें एसबीडी अस्पताल सहारनपुर के पास से गिरफ्तार किया। चारों आरोपियों ने पूछताछ में जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि लंबे समय से प्लॉट को लेकर विवाद चल रहा था और रोज-रोज के तनाव से तंग आकर उन्होंने मिलकर हमला कर दिया था।







