मुंबई (अनिल बेदाग): भारत की कमर्शियल और इंडस्ट्रियल रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर की अग्रणी कंपनी क्लीनमैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड 23 फरवरी 2026 को अपना बहुप्रतीक्षित प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लॉन्च करने जा रही है। हरित ऊर्जा के क्षेत्र में मजबूत पकड़ रखने वाली यह कंपनी 1,000 से 1,053 प्रति इक्विटी शेयर के प्राइस बैंड के साथ पूंजी बाजार में कदम रख रही है। प्रत्येक शेयर का अंकित मूल्य 1 निर्धारित किया गया है।
आईपीओ 23 फरवरी 2026 को खुलेगा और 25 फरवरी 2026 को बंद होगा। निवेशक न्यूनतम 14 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद 14 के गुणकों में बोली लगा सकेंगे। इस इश्यू में 1,200 करोड़ तक का फ्रेश इश्यू और 1,900 करोड़ तक का ऑफर फॉर सेल शामिल है, जिससे कुल इश्यू आकार लगभग 3,100 करोड़ तक पहुंचता है।
फ्रेश इश्यू से प्राप्त 1,122.6 करोड़ तक की राशि का उपयोग कंपनी और उसकी सहायक कंपनियों के बकाया ऋण के आंशिक या पूर्ण पुनर्भुगतान/पूर्वभुगतान तथा सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। यह कदम कंपनी की बैलेंस शीट को मजबूत करने और भविष्य के विस्तार को गति देने में सहायक होगा।
आईपीओ से पहले जुटाए 1,500 करोड़
आईपीओ से पहले कंपनी ने सफलतापूर्वक 1,500 करोड़ की राशि जुटाई है। डेटा सेंटर और एआई सेगमेंट में मजबूत पकड़
कंपनी के पोर्टफोलियो का लगभग 43 प्रतिशत हिस्सा डेटा सेंटर और एआई ग्राहकों को सेवाएं प्रदान करता है। भारत में डेटा सेंटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिसके चलते विश्वसनीय, किफायती और टिकाऊ ऊर्जा समाधानों की मांग लगातार बढ़ रही है। यह बढ़ती मांग क्लीनमैक्स के लिए बड़े अवसर का संकेत देती है।
क्लीनमैक्स रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में शुरुआती खिलाड़ियों में से एक रही है। कंपनी ने न केवल इस उद्योग के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, बल्कि इसके ऑपरेटिंग मॉडल को आकार देने में भी अग्रणी योगदान दिया है। हरित ऊर्जा के बढ़ते महत्व और कॉर्पोरेट सेक्टर की स्वच्छ ऊर्जा की ओर झुकाव के बीच क्लीनमैक्स का यह आईपीओ बाजार और निवेशकों दोनों के लिए खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।







