अमेठी: जनपद अमेठी में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। “ऑपरेशन चक्रव्यूह” अभियान के तहत मुसाफिरखाना थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय स्मैक तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 1 किलो 250 ग्राम स्मैक (अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये) बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वाराणसी की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को घेरकर पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अजीत गुप्ता (27 वर्ष) निवासी चतरा, झारखंड तथा सोनू कुमार साहू (लगभग 30 वर्ष) निवासी चतरा, झारखंड के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान अजीत गुप्ता के पास से 150 ग्राम स्मैक तथा कार से 1100 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा पुलिस ने एक स्विफ्ट कार, दो मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों के 12 एटीएम/डेबिट कार्ड और 4750 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे झारखंड से स्मैक लाकर उत्तर प्रदेश के बरेली, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली और अमेठी जैसे जिलों में सप्लाई करते थे। इस बार भी वे रायबरेली में एक ग्राहक को स्मैक देने जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी झारखंड पुलिस से जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी विवेक कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की है।





