वरदान कोरी, दैनिक अयोध्या टाइम्स संवाददाता रामपुर मनिहारान।
मदरलैंड पब्लिक स्कूल में बुधवार को बच्चों के लिए खास अंदाज़ में मैंगो पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों ने आम की मिठास के साथ रचनात्मकता का भी खूब आनंद लिया। कार्यक्रम में कक्षा 1 से 3 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बच्चों ने न सिर्फ आम का स्वाद चखा, बल्कि रंग-बिरंगे कागजों पर आम से जुड़ी कलात्मक चित्रकारी भी प्रस्तुत की, जिससे स्कूल का माहौल पूरी तरह “मैंगो थीम” में रंग गया। स्कूल के प्रबंधक व वरिष्ठ कांग्रेस नेता इंजीनियर सत्य संयम भूर्यान ने कार्यक्रम में विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने बच्चों को आम के पोषण गुणों की जानकारी देते हुए बताया कि यह फल न सिर्फ स्वादिष्ट है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी बेहद लाभकारी है। प्रधानाचार्या डॉ. शालू भूर्यान और स्कूल की चेयरपर्सन श्वेता सैनी ने बच्चों के साथ मिलकर कार्यक्रम का लुत्फ उठाया। उन्होंने कहा कि फल बच्चों की शारीरिक और मानसिक वृद्धि के लिए जरूरी हैं, इसलिए बच्चों को फलों के प्रति जागरूक बनाना बेहद जरूरी है। अध्यापकों और शिक्षिकाओं ने भी आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाई, जिससे बच्चों का उत्साह दोगुना हो गया। कार्यक्रम का उद्देश्य न सिर्फ बच्चों का मनोरंजन करना था, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य और पोषण के महत्व को भी सरल भाषा में समझाना था







