दैनिक अयोध्या टाइम्स फर्रुखाबाद
तहसील समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को तहसील अमृतपुर के सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि तहसील समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का निस्तारण महज औपचारिकता बनकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रत्येक शिकायत की वास्तविकता की जांच कर शिकायतकर्ता को संतुष्ट करने वाली प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिन मामलों में स्थलीय जांच या निरीक्षण आवश्यक है, उनमें संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर वस्तुस्थिति का परीक्षण करें और नियमानुसार कार्रवाई करें। विशेष रूप से राजस्व विभाग से जुड़े धारा-24 के मामलों को लेकर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि भूमि की पैमाइश एवं सीमांकन संबंधी कार्रवाई के दौरान तहसील स्तर के क्षेत्रीय अधिकारी मौके पर अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफी कराएं, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे और कार्रवाई का स्पष्ट अभिलेखीकरण हो सके। उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, पक्षपात अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा में उनका निस्तारण करें तथा की गई कार्रवाई से शिकायतकर्ता को भी अवगत कराएं। जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान शासन एवं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए अधिकारी पूरी संवेदनशीलता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। तहसील समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, उप जिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू, क्षेत्राधिकारी अमृतपुर राजेश कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।





