
कुशीनगर। नगर पंचायत दुदही की बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अजीम आलम ने पहल की है। उन्होंने नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा से मुलाकात कर दुदही फीडर की क्षमता बढ़ाने और नगरवासियों को पर्याप्त एवं सुचारू बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

अजीम आलम ने मंत्री के मऊ स्थित आवास पर पहुंचकर दुदही की विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से रखा। उन्होंने फीडर की क्षमता वृद्धि की मांग को लेकर मंत्री को पत्र भी सौंपा। अजीम आलम ने बताया कि नगर की बढ़ती विद्युत जरूरतों को देखते हुए फीडर की क्षमता बढ़ाना जरूरी है, ताकि बिजली आपूर्ति को और अधिक व्यवस्थित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि दुदही की बिजली व्यवस्था को मजबूत कराने के लिए पिछले करीब तीन वर्षों से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उनका जोर ऐसी व्यवस्था तैयार कराने पर है, जिससे नगरवासियों को बार-बार बिजली से जुड़ी समस्याओं का सामना न करना पड़े।

मुलाकात के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाने की बात कही गई है। इसके साथ ही दुदही नगर की विद्युत व्यवस्था को फीडर से सुव्यवस्थित रूप से जोड़ने और पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

अजीम आलम ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल बिजली की समस्या का तत्काल समाधान कराना नहीं, बल्कि दुदही के लिए स्थायी और मजबूत विद्युत व्यवस्था तैयार कराना है। उन्होंने कहा कि नगर के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।
जिला प्रभारी/मान्धाता कुशवाहा/दैनिक अयोध्या टाइम्स




