फर्रुखाबाद।
जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र में सोमवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दबंगों ने खेत पर जा रहे एक युवक के साथ पहले जमकर मारपीट की और फिर उसे जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर अज्ञात स्थान पर उठा ले गए। घटना के बाद से ही युवक का कोई सुराग नहीं लगा है, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव सहसा जगदीशपुर निवासी मिलन कुमार सोमवार रात करीब 8 बजे अपनी बाइक से खेत पर लगी समरसेबल देखने जा रहा था। जब वह गांव के ही एक अन्य युवक के दरवाजे के सामने से गुजर रहा था, तभी वहां पहले से मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। मिलन द्वारा विरोध जताने पर आरोपी और उग्र हो गए। आरोप है कि दबंगों ने मिलकर मिलन को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा और इसके बाद उसे जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर किसी अज्ञात जगह की ओर ले गए।
परिजनों की तलाश और पुलिस कार्रवाई
घटना की भनक लगते ही मिलन कुमार के पिता नरेन्द्र सिंह व अन्य परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के खेतों और संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन देर रात तक युवक का कुछ पता नहीं चल सका। मंगलवार को पीड़ित पिता ने थाना नवाबगंज पहुंचकर नामजद आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी और अपने बेटे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
पुलिस की प्रतिक्रिया
थाना पुलिस ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है जल्द ही युवक को सकुशल बरामद करने का आश्वासन दिया है। इस दुस्साहसिक घटना के बाद से गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी भय व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए ताकि क्षेत्र में कानून का डर कायम हो सके।



