फर्रुखाबाद। जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम खेड़ा सिरौली में एक महिला गैस एजेंसी संचालिका को दबंगों द्वारा धमकाने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी स्थानीय पुलिस द्वारा कोई रिपोर्ट दर्ज न किए जाने से पीड़िता न्याय के लिए भटक रही है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खेड़ा सिरौली निवासी वंदना दीक्षित पत्नी स्व. अखिलेश कुमार दीक्षित (पूर्व सैनिक) की गांव में ही गैस एजेंसी है। 24 जुलाई की शाम लगभग 6:30 बजे गांव का ही एक युवक एजेंसी पर पहुंचा और सिलेंडर की डिलीवरी को लेकर विवाद करने लगा।विरोध करने पर आरोपी युवक ने वंदना दीक्षित को धमकी दी और एजेंसी पर मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट की।
रास्ते में किया पीछा
घटना के अगले क्रम में, उसी रात लगभग 8 बजे वंदना दीक्षित अपने पुत्र अक्षय दीक्षित के साथ गैस एजेंसी से अपने घर के लिए रवाना हुईं। आरोप है कि उक्त युवक ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर बाइकों से उनका जसमई तक पीछा किया, जिससे मां-बेटे दहशत में आ गए।
पुलिस कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
घटना के तुरंत बाद वंदना दीक्षित ने थाने पहुंचकर पुलिस को नामजद तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।विडंबना यह है कि तहरीर देने के चार दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने अभी तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की है। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस महज जांच का हवाला देकर और कार्रवाई का झूठा आश्वासन देकर मामले को टरका रही है, जिससे दबंगों के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय लोगों में पुलिस की इस कार्यप्रणाली को लेकर रोष व्याप्त है।





