कुशीनगर। जनपद कुशीनगर के विशुनपुरा थाना परिसर में शनिवार को शासन के निर्देशानुसार थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस की अध्यक्षता नायब तहसीलदार शिवशंकर मिश्रा ने की। इस दौरान विशुनपुरा थाना प्रभारी शनि कुमार जावला भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को लेकर पहुंचे।

समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने एक-एक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मामलों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से राजस्व एवं भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर राजस्व और पुलिस विभाग के समन्वय से कार्रवाई करने पर जोर दिया गया, ताकि शिकायतों का शीघ्र समाधान हो सके।

नायब तहसीलदार शिवशंकर मिश्रा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आवश्यक होने पर मौके पर जाकर जांच कर निष्पक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

थाना प्रभारी शनि कुमार जावला ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि पुलिस से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

समाधान दिवस में राजस्व निरीक्षक अवधेश मिश्रा, राजस्व निरीक्षक जाकिर हुसैन, लेखपाल संतोष गुप्ता, संजीव कुमार, मधुमेंद्र सिंह राठौर, शिवकुमार तिवारी, मो. हुसैन सहित अन्य राजस्व अधिकारी एवं पुलिस विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
थाना समाधान दिवस के माध्यम से आम नागरिकों को एक ही स्थान पर राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायत रखने का अवसर मिला, जिससे कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया गया।





