मुरादाबाद।थाना भोजपुर पुलिस ने युवक की हत्या की घटना का त्वरित अनावरण करते हुए दो नामजद वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक छुरी और एक लोहे की मूसली भी बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
मामले के अनुसार थाना भोजपुर पुलिस को सूचना मिली कि एहमाने हसन उर्फ रितिक पुत्र मेर्जुर्रहमान, उम्र 21 वर्ष, निवासी बरबलान, फकीरों वाली मस्जिद, थाना मुगलपुरा की उसके साथियों द्वारा चाकू से वार कर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मृतक के पिता मेर्जुर्रहमान ने तहरीर में बताया कि अभियुक्त फैज, तनवीर और SP पठान उनके पुत्र को ताजपुर माफी स्थित एक कारखाने पर ले गए थे। वहां चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। तहरीर के आधार पर थाना भोजपुर में मुकदमा पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों का गठन किया गया। साक्ष्यों के संकलन, तकनीकी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में नामजद अभियुक्त तनवीर पुत्र छोटे उर्फ अमीरुल हसन और मौ0 फैज पुत्र अकरम, निवासीगण मोहल्ला बरबलान, थाना मुगलपुरा को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक छुरी एवं एक लोहे की मूसली बरामद की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही पूर्ण कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। मुकदमे में वांछित तीसरे अभियुक्त SP पठान की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि मृतक रितिक से करीब 15 दिन पहले कहासुनी और हाथापाई हुई थी। इसके बाद से रितिक उनसे रंजिश रख रहा था। एक दिन तीनों आरोपी रितिक के घर जाकर उसे बहाने से कारखाने ले गए। वहां बीयर पीने के दौरान विवाद बढ़ गया। रितिक के गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने पर तीनों ने मिलकर उसका गला छुरी से काट दिया और मौके से फरार हो गए। पकड़े जाने के डर से आरोपी इधर-उधर छिप रहे थे।





