सहयोगी संवाददाता राममुरारी शुक्ला फर्रूखाबाद। थाना अमृतपुर क्षेत्र के मुजहा-करनपुरदत्त मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टेंट का सामान लेकर जटपुरा जा रहा ट्रैक्टर संदिग्ध परिस्थितियों में पलट गया। हादसे में करीब 10 लोग घायल हो गए, जिनमें चार युवकों की हालत गंभीर होने पर उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे ने शादी वाले परिवार की खुशियों को पलभर में चिंता और मायूसी में बदल दिया।
जानकारी के अनुसार, थाना मिर्जापुर क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव से 20 जून को बारात आनी है। विवाह समारोह की तैयारियों के तहत अमृतपुर से टेंट का सामान जटपुरा ले जाया जा रहा था। इसी दौरान मुजहा-करनपुरदत्त मार्ग पर ट्रैक्टर संदिग्ध परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर पर सवार लोग उसके नीचे दब गए, जिससे घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू कर ट्रैक्टर के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकाला। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर अमृतपुर थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।

हादसे में आदित्य पुत्र बृजेश, प्रांशु, प्रेमी पुत्र दिनेश, सुधांशु पुत्र अनिल, सनी उर्फ शनि पुत्र शिवबरन, अजय पुत्र रामरतन, सिंकू पुत्र नरवीर सिंह, अंकित पुत्र आदर्श, सत्यम पुत्र अरविंद तथा गौरव घायल हो गए।
सीएचसी राजेपुर के फार्मासिस्ट ज्ञान पाल ने बताया कि घायल अंकित, सनी, प्रांशु और गौरव की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार स्थानीय स्तर पर किया गया।घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी अमृतपुर ऐश्वर्या उपाध्याय मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। वहीं थाना प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी ने ने भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बताया गया है कि रुचि पुत्री दिनेश की शादी 20 जून को प्रस्तावित है। परिवार में शादी की तैयारियां अंतिम दौर में थीं और इसी सिलसिले में टेंट का सामान ले जाया जा रहा था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिन युवकों पर शादी की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी थी, वे ही दुर्घटना का शिकार हो गए, जिससे पूरे गांव में चिंता का माहौल व्याप्त है।पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते स्थानीय लोगों द्वारा चलाए गए राहत एवं बचाव अभियान से बड़ा हादसा टल गया। शादी की खुशियों के बीच हुआ यह हादसा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।




