सहयोगी संवाददाता राममुरारी शुक्ला फर्रुखाबाद। पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ द्वारा मंगलवार को थाना अमृतपुर का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान थाने की समस्त व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए पुलिस कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस कर्मियों ने एसपी का स्वागत किया तथा गार्ड द्वारा सलामी दी गई।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सबसे पहले थाने की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव की जांच करते हुए रजिस्टरों को अद्यतन रखने, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण एवं रिकॉर्ड प्रबंधन में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया। मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने महिला संबंधित शिकायतों के त्वरित एवं संवेदनशील निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही महिला हेल्प डेस्क को और अधिक सक्रिय बनाने एवं पीड़ित महिलाओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया सीसीटीएनएस कार्यालय का निरीक्षण करते हुए एसपी ने ऑनलाइन अभिलेखों की फीडिंग, डाटा अपडेट एवं तकनीकी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अपराध संबंधी सूचनाएं समयबद्ध तरीके से सिस्टम में दर्ज की जाएं, जिससे अपराध नियंत्रण में सहायता मिल सके।

हवालात, मैस एवं बैरकों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता तथा पुलिस कर्मियों की रहने की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान आवश्यक सुधार हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। शस्त्रागार के निरीक्षण के दौरान उन्होंने शस्त्रों की देखरेख, रख-रखाव एवं नियमित चेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस पूरी तरह से तैयार रहे।इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में चिन्हित हिस्ट्रीशीटरों (एचएस), सक्रिय अपराधियों एवं टॉप-10 अपराधियों की सूची की समीक्षा की। उन्होंने इन अपराधियों पर सतत निगरानी रखने, समय-समय पर सत्यापन करने तथा आवश्यक होने पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
थाना क्षेत्र के अधिकारी एवं कर्मचारीगण को संबोधित करते हुए एसपी ने बीट प्रणाली को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बीट पुलिसिंग के माध्यम से क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनता से संवाद स्थापित किया जाए, जिससे अपराध की रोकथाम में मदद मिले। साथ ही यक्ष ऐप के प्रभावी उपयोग के संबंध में भी विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग कर अपराधियों पर नियंत्रण एवं पुलिस कार्यों में पारदर्शिता लाई जाए। अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस कर्मियों को अनुशासन, तत्परता एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई है। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






