चिराग भाटिया-
सहारनपुर । प्रत्येक वर्ष फागुन माह में होली मिलन 2026 के कार्यक्रमों की श्रृंखला में उ.प्र. उद्योग व्यापार मण्डल की जिला इकाई के तत्वावधन में स्थानीय रेलवे रोड जिला मुख्यालय कार्यालय में आयोजित किये गये एक संक्षिप्त कार्यक्रम में व्यापारियों को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शीतल टण्डन ने कहा कि होली का पर्व एकता, सदभावना व गिले-शिकवे दूर करने का पर्व है और आज के दिन हम अपने दिलों में छिपे बैर भाव और नकारात्मक विचारों की भी होली जलायें और प्रदूषण मुक्त होली फूलों के संग व अनुशासन में रहकर उल्लासपूर्वक होली फूलों के संग खेले।
यही इस त्यौहार की सार्थकता होगी। श्री टण्डन ने कहा कि होली का पावन त्योहार सर्दी के अंत व ग्रीष्म काल के प्रारंभ के संधिकाल तथा बसंत ऋतु की श्रीवृद्धि, समृद्धि के मादक वातावरण में अपनी उपस्थिति देता है, बसंती पवन के साथ रंगों की बौछार लिए राधा-कृष्ण की होली व अन्य पौराणिक कथाओं के संग होली का यह त्योहार, प्रेम, हर्ष,उल्लास, हास्य-विनोद, समानता,चेतनता व जागृति का पर्व है। उन्होंने कहा कि होली के त्योहार मनाये जाने के सामाजिक व मनोवैज्ञानिक महत्व में से यह प्रमुख है कि होली समानता, सदभाव में वृद्धि तथा शत्रुता को मित्रता में बदलने का पर्व है।
उन्होंने कहा कि नगर सहित व्यापार मण्डल की जिले भर की इकाईयों द्वारा तथा विभिन्न व्यापारिक एसोसिएशनों द्वारा होली मिलन के कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं और होली की शुभकामनाओं के साथ एकता व सदभाव का भी वातावरण सहारनपुर जनपद में गंगा जमुनी तहजीब जो हम सबको विरासत में मिली है, खुशी और उल्लास बिखेर रहा है। श्री टण्डन ने सभी से प्रदूषण मुक्त अनुशासित व उल्लासपूर्वक होली खेलने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर वर्ष मार्च माह में मनायी जाने वाली होली की इस वर्ष की विशेषता है कि इन दिनों रमजान का पवित्र माह चल रहा है और जहां लोग होली मनाने की तैयारी कर रहे हैं मुस्लिम भाई ईद मनाने की तैयारी में लगे हैं।
हमारे देश में विभिन्न धर्मों के लोगों द्वारा सभी त्यौहार मिल जुलकर मनाने की अनूठी परम्परा है, जो हम सब को विरासत में मिली है। बैठक में प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष शीतल टण्डन, जिला महामंत्री रमेश अरोडा, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिडढा, मेजर एस.के.सूरी, रमेश डावर, पवन कुमार गोयल, मुरली खन्ना संदीप सिंघल, राजीव अग्रवाल, संजीव सचदेवा, अशोक मलिक, संजय महेश्वरी, अभिषेक भाटिया आदि व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थ्ति रहे।







