सोनभद्र (अमान खान ब्यूरो चीफ)। जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नवीन व्यवस्था के तहत सी.एम. डैशबोर्ड के माध्यम से जनपद के विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूरा किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
समूहों के बैंक खाते और लोन प्रगति पर असंतोष
समीक्षा के दौरान एन.आर.एल.एम. (NRLM) समूहों के बैंक खाते खोलने और उन्हें ऋण उपलब्ध कराने की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि डी.एम.एम. और बी.एम.एम. को चेतावनी जारी की जाए। जिलाधिकारी ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि कार्य पद्धति में तत्काल सुधार नहीं हुआ, तो सेवा समाप्ति की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
छात्रवृत्ति और युवा उद्यमी योजना पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रवृत्ति के आवेदनों को विद्यालयों के स्तर से जल्द से जल्द अग्रसारित कराया जाए। वहीं, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत लाभार्थियों की पत्रावलियों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश उपायुक्त उद्योग और एल.डी.एम. को दिए गए।
आईजीआरएस (IGRS) शिकायतों का हो गुणवत्तापूर्ण निस्तारण
जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल समय पर ही नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण भी होना चाहिए। गलत फीडबैक मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही हेतु उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।
बैठक में इनकी रही उपस्थिति
समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह, डीसी मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय सहित समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।







