कुशीनगर। बरवापट्टी थाना क्षेत्र के ग्रामसभा अमवा खास के टोला कपर धिक्का में सर्पदंश से 12 वर्षीय बालिका की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार कपर धिक्का निवासी हृदयानंद कुशवाहा की 12 वर्षीय पुत्री चंपा कुशवाहा गुरुवार रात भोजन करने के बाद अपनी मां के साथ कमरे में सो रही थी। देर रात उसने अपनी मां से बताया कि उसे किसी चीज ने काट लिया है। बरसात का मौसम होने के कारण परिजनों ने पहले इसे किसी कीड़े के काटने की सामान्य घटना समझा और सर्पदंश की आशंका नहीं हुई।शुक्रवार सुबह जब चंपा की मां की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि बालिका के मुंह से झाग निकल रहा था और उसकी हालत लगातार बिगड़ रही थी। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हालत देखकर लोगों ने सर्पदंश की आशंका जताई।परिजन तत्काल चंपा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुदही लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान चंपा ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।महज 12 वर्ष की चंपा की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है। बरसात के मौसम में बढ़ रहे सर्पदंश के मामलों ने ग्रामीणों की चिंता भी बढ़ा दी है।
रिपोर्टर कमलेश कुमार/ दैनिक अयोध्या टाइम्स




