अमान खान ब्यूरो चीफ सोनभद्र। जनपद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए ‘मिशन शक्ति 5.0’ के तहत रविवार को सघन जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों की टीमों ने सार्वजनिक स्थलों पर संवाद कर सुरक्षा और सतर्कता का संदेश दिया।
साइबर सुरक्षा और कानूनी अधिकारों पर जोर
क्षेत्राधिकारी यातायात एवं मिशन शक्ति 5.0 की सहायक नोडल अधिकारी डॉ. चारु द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने स्कूल, कॉलेज, बाजारों और प्रमुख चौराहों पर कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान छात्राओं को महिला उत्पीड़न से बचाव, साइबर ठगी के नए तरीके, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और ‘गुड टच-बैड टच’ की पहचान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
सावधान: संदिग्ध लिंक और ओटीपी न करें साझा
पुलिस टीमों ने विशेष रूप से साइबर अपराधों के प्रति सचेत करते हुए बताया कि अपराधी अक्सर डर या लालच का सहारा लेते हैं। अपील की गई कि किसी भी अनजान कॉल या लिंक पर भरोसा न करें और अपनी गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करने की सलाह दी गई।
कठोर कार्रवाई की चेतावनी
अभियान के दौरान पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि महिलाओं या बालिकाओं के साथ छेड़छाड़ या उत्पीड़न करने वालों के विरुद्ध सोनभद्र पुलिस तत्काल और कठोर वैधानिक कार्रवाई करेगी। पुलिस ने जनता को भरोसा दिलाया कि यह अभियान केवल औपचारिक नहीं, बल्कि नारी सुरक्षा के प्रति उनका निरंतर संकल्प है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें कॉल:
- 112: आपातकालीन सेवा
- 1090/1091: महिला पावर लाइन
- 1930: साइबर अपराध हेल्पलाइन
- 181: महिला हेल्पलाइन
- 1076: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन





