अमान खान ब्यूरो चीफ सोनभद्र। जनपद सोनभद्र के समस्त थानों पर शनिवार को “थाना समाधान दिवस” का आयोजन किया गया। इस दौरान जनसमस्याओं की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों ने कई प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया। विशेष रूप से भूमि संबंधी मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त कार्यवाही पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने थानों पर पहुंचकर सुनी समस्याएं
थाना समाधान दिवस के अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री अनिल कुमार ने थाना ओबरा, क्षेत्राधिकारी नगर श्री रणधीर मिश्रा ने थाना रॉबर्ट्सगंज, क्षेत्राधिकारी पिपरी ने थाना अनपरा तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी ने थाना दुद्धी पर उपस्थित रहकर फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इसके अतिरिक्त जनपद के अन्य राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारीगण ने भी अपने-अपने थानों पर समाधान दिवस का आयोजन किया।
भूमि विवादों के निस्तारण पर विशेष जोर
समाधान दिवस के दौरान निर्देश दिए गए कि भूमि संबंधी समस्त प्रकरणों का निस्तारण पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा समन्वय स्थापित कर किया जाए, जिससे फरियादियों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और मामलों का निष्पक्ष व समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।
138 शिकायतें प्राप्त, 63 का मौके पर समाधान
जनपद में पूर्व एवं आज के दिन प्राप्त शिकायत प्रार्थना पत्रों में पुलिस से संबंधित कुल 15 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 07 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं राजस्व विभाग से संबंधित 123 प्रार्थना पत्रों में से 56 मामलों का तत्काल समाधान किया गया। इस प्रकार कुल 138 प्रार्थना पत्रों में से 63 का मौके पर निस्तारण किया गया।
शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
शेष लंबित प्रार्थना पत्रों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करते हुए शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को त्वरित न्याय मिल सके।





