सोनभद्र (अमान खान ब्यूरो चीफ सोनभद्र): डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन (DBA) सोनभद्र के वार्षिक चुनाव (सत्र 2025-26) का बिगुल बज चुका है। सोमवार को नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन कचहरी परिसर में भारी गहमागहमी रही। मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार यादव एडवोकेट के मुताबिक, पहले दिन विभिन्न पदों के लिए कुल 9 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र लिए।
इन दिग्गजों ने दावेदारी के लिए लिया पर्चा:
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पहले दिन प्रमुख पदों पर निम्नलिखित अधिवक्ताओं ने नामांकन पत्र खरीदे:
- अध्यक्ष पद: सत्यप्रकाश सिंह एडवोकेट
- वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद: बिंदु यादव एडवोकेट
- महामंत्री पद: राजेंद्र कुमार यादव एडवोकेट
- उपाध्यक्ष (10 वर्ष से ऊपर): चतुर्भुज शर्मा एडवोकेट
- उपाध्यक्ष (10 वर्ष से नीचे): आशुतोष देव पांडेय एडवोकेट
- कार्यकारिणी सदस्य (कनिष्ठ): चंद्रकला गिरी, सुमन, मार्तंड प्रताप सिंह और रमन कुमार एडवोकेट।
कल है नामांकन का महत्वपूर्ण दिन
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 24 फरवरी (मंगलवार) को नामांकन पत्र विक्रय की अंतिम तिथि है। इसी दिन प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र दाखिल भी कर सकेंगे। पर्चा लेने की प्रक्रिया शुरू होते ही प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ चैम्बर-दर-चैम्बर जाकर वकील मतदाताओं से संपर्क साधना शुरू कर दिया है, जिससे चुनावी पारा चढ़ गया है।
निर्वाचन टीम की सक्रियता
चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन अधिकारी के साथ प्रदीप कुमार मौर्य, पवन कुमार सिंह, चंद्रप्रकाश सिंह, शांति वर्मा और सहायक चुनाव अधिकारी सुरेश सिंह कुशवाहा व राजकुमार सिंह पटेल मुस्तैद रहे।






