घोरावल (सोनभद्र), अमान खान ब्यूरो चीफ: पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा ने आज थाना घोरावल में सर्किल घोरावल के सभी थानों (घोरावल, करमा और शाहगंज) का अर्दली रूम कर पुलिसिंग की बारीकियों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और लंबित केसों के निस्तारण को लेकर कड़े तेवर दिखाए।
अर्दली रूम की प्रमुख समीक्षा:
- लंबित विवेचनाएं: एसपी ने विवेचकों को निर्देश दिया कि सभी केसों का निस्तारण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। चार्जशीट समय पर कोर्ट भेजी जाए।
- महिला सुरक्षा (ITSSO): महिला संबंधी अपराधों को प्राथमिकता पर रखने और महिला हेल्प डेस्क को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
- टेक्नोलॉजी का उपयोग: ‘यक्ष ऐप’ (Yash App) पर हिस्ट्रीशीटरों और गैंगों के डेटा का नियमित सत्यापन करने को कहा गया।
- जनसुनवाई और IGRS: शिकायतों के निस्तारण में केवल खानापूर्ति न हो, बल्कि फरियादी की संतुष्टि और आख्या की सत्यता अनिवार्य है।
आकस्मिक निरीक्षण और होली की तैयारी:
अर्दली रूम के बाद एसपी ने थाने का औचक निरीक्षण किया। आगामी होली त्यौहार के मद्देनजर उन्होंने सुरक्षा तैयारियों और संवेदनशील इलाकों में गश्त योजना की समीक्षा की। उन्होंने थाना परिसर, मेस और बैरक की साफ-सफाई पर भी जोर दिया।
पैदल गश्त से सुरक्षा का संदेश:
पुलिस अधीक्षक ने घोरावल कस्बे के मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया और पुलिस कर्मियों को मुस्तैद रहकर आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उपस्थिति: बैठक में क्षेत्राधिकारी घोरावल श्री राहुल पाण्डेय सहित सर्किल के सभी थाना प्रभारी और विवेचक मौजूद रहे।






