दयानन्द कुमार हापुड़
हापुड़/गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा क्षेत्र 60 गढ़मुक्तेश्वर के ग्राम सदरपुर में रविवार को आयोजित सदरपुर क्रिकेट प्रीमियर लीग में खेल प्रतिभाओं का उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एडवोकेट सुधीर चौहान मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, खेल प्रेमी और युवा मौजूद रहे। मुख्य अतिथि का ग्रामीणों एवं आयोजन समिति द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। मैदान पर खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना की सराहना करते हुए सुधीर चौहान ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं में अपार प्रतिभा मौजूद है, लेकिन पर्याप्त खेल सुविधाओं और संसाधनों के अभाव में कई प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पातीं।
उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व और संघर्ष का पाठ भी सिखाता है। खिलाड़ियों के उत्साह को देखकर उन्हें गर्व की अनुभूति हुई है।
सुधीर चौहान ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने पर खेल और खिलाड़ियों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदानों का विकास कराया जाएगा, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।




