दैनिक अयोध्या टाइम्स दयानन्द कुमार
हापुड़/सिंभावली ग्राम सलारपुर, विकास क्षेत्र सिंभावली में रविवार को किसानों की एक विशाल एवं महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के विभिन्न गांवों से आए करीब 500 किसान, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता कुलदीप प्रधान अचेजा एवं छोटन सिंह हूंगोहरा ने संयुक्त रूप से की।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता राजेंद्र प्रधान ने कहा कि वर्तमान समय में किसान और मजदूरों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ किसान संगठन किसानों की समस्याओं के समाधान और सेवा के मूल उद्देश्य से भटककर धन उगाही में लग गए हैं। इस दौरान उपस्थित किसानों ने भी इस बात पर सहमति जताते हुए कहा कि भाकियू संघर्ष अराजनीतिक अपने मूल उद्देश्यों से भटक चुका है।
बैठक के दौरान किसानों ने भारतीय किसान यूनियन देहात पर विश्वास जताते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। इसके बाद भारतीय किसान यूनियन देहात के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रदीप त्यागी उर्फ बॉबी मुखिया तथा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मास्टर मनोज नागर ने राजेंद्र प्रधान को नियुक्ति पत्र सौंपकर हापुड़ जिला अध्यक्ष नियुक्त किया।
इस अवसर पर राजेंद्र प्रधान के नेतृत्व में सैकड़ों किसान, मजदूर, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भाकियू संघर्ष अराजनीतिक से इस्तीफा देकर भारतीय किसान यूनियन देहात की सदस्यता ग्रहण की। सभी ने किसान मसीहा महात्मा टिकैत के सपनों को साकार करने तथा किसानों के हक, सम्मान, अधिकार और न्याय की लड़ाई को मजबूती से लड़ने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने संगठन की मजबूती और किसान हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का भरोसा जताया






