
पूरनपुर में किसान को नहीं मिला कब्जा, भाकियू (भानु) का अनिश्चितकालीन धरना
दैनिक अयोध्या टाइम्स ब्यूरो
पीलीभीत।
उत्तर प्रदेश की 351 तहसीलों में आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत निस्तारण में अमरिया तहसील को पहला स्थान मिलने पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। वहीं दूसरी ओर पूरनपुर तहसील में न्यायालय के आदेश के बावजूद किसान को जमीन का कब्जा न मिलने से नाराज भारतीय किसान यूनियन (भानु) ने तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
अमरिया तहसील की इस उपलब्धि पर राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के जिला प्रतिनिधि कपिल अग्रवाल के नेतृत्व में एसडीएम मयंक गोस्वामी, लेखपाल संघ अध्यक्ष बृजेश गंगवार, राजस्व निरीक्षक संघ अध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह व राजस्व लिपिक लालता प्रसाद को सम्मानित किया गया।
उन्हें माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और खाटू श्याम प्रभु की प्रतिमा भेंट की गई। इस दौरान पूर्व चेयरमैन अजय गोयल, मंडल उपाध्यक्ष आशीष गुप्ता, हिमांशु गुप्ता, फहमीद हुसैन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
एसडीएम मयंक गोस्वामी ने कहा कि यह सम्मान उनकी पूरी टीम की मेहनत का परिणाम है, और वे आगे भी जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देंगे।
वहीं दूसरी ओर पूरनपुर तहसील के ग्राम नवदिया मुजप्ता निवासी विनोद कुमार का आरोप है कि उन्हें पिता रामस्वरूप की मृत्यु के बाद विरासत में भूमि प्राप्त हुई, लेकिन दबंगों ने जमीन पर कब्जा जमा रखा है।
तहसील न्यायालय ने साक्ष्यों के आधार पर विनोद के पक्ष में निर्णय दिया था, लेकिन किसान का आरोप है कि आदेश के बाद भी तहसील प्रशासन ने कब्जा दिलाने की कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित किसान ने समाधान दिवस पर जिलाधिकारी से भी गुहार लगाई, परंतु कोई हल नहीं निकला।
प्रशासन की निष्क्रियता से नाराज भारतीय किसान यूनियन (भानु) के जिलाध्यक्ष भजनलाल क्रोधी के नेतृत्व में संगठन ने तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह प्रशासन की लापरवाही और दबंगों को संरक्षण देने का प्रमाण है। यदि पीड़ित को न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।