
सीमा सुरक्षा बल नियमित आने जाने वालों पर रखें नजर-उपमहानिरीक्षक।
दैनिक अयोध्या टाइम्स ब्यूरो
पीलीभीत मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय सैनी की अध्यक्षता में भारत-नेपाल सीमा के प्रभावी प्रबन्धन एवं सीमा पर अवैधानिक गतिविधियों के प्रभावी नियंत्रण हेतु परिक्षेत्र स्तरीय टास्कफोर्स की बैठक गांधी सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) द्वारा पूर्व बैठक की अनुपालन आख्या का विवरण प्रस्तुत किया गया।
बैठक में भारत नेपाल सीमा से सम्बन्धित महत्वपूर्ण विन्दुओं पर चर्चा की गई। बार्डर पिलर्स की क्षति, जाली मुद्रा, मानव तस्करी, खाद्यान्न तथा अन्य सामग्रियों की तस्करी, खाद तस्करी, वनों अवैध कटान, वन एवं वन्यजीव तथा पर्यावरण सम्बन्धी अपराध, दूरभाष, सर्विलांस तथा टेक्नीकल इंटेलीजेंस, वाहन चोरी मामलों, अपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण सहित विभिन्न मामलों पर चर्चा की गई। उन्होंने बार्डर एरिया के क्षेत्र में अपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने हेतु सीमा सुरक्षा बल, पुलिस/प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्यवाही करने के निर्देश दिये। आयुक्त महोदया द्वारा मादक पदार्थों, खाद्यान्न, खाद की तस्करी के सम्बन्ध में जानकारी ली गई और सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि बार्डर एरिया में तस्करी पर रोक लगाई जाये। यदि कहीं पर धार्मिक गतिविधियों में वृद्वि-कट्टरवादी प्रभाव पाया जाये तो तत्काल कार्यवाही की जाये तथा उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाये।
आयुक्त महोदया द्वारा जाली मुद्रा के प्रचलन के सम्बन्ध में जानकारी ली गई, अपर जिलाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जाली मुद्रा से सम्बन्धित कोई प्रकरण संज्ञान में नहीं आया। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को सीमावर्ती क्षेत्र में पेट्रोल तस्करी पर रोक लगाने के निर्देश दिए। जिला मत्स्य अधिकारी को शारदा नदी में अवैध शिकार पर रोक लगाते हुए ठेका कराये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने सीमावर्ती ग्रामों में शैडो एरिया की पहचान करते हुए दूर संचार सेवा पहुचाएं जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती गांव के पात्र लोगों को सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाना सुनिश्चित किया जाए। पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा नियमित आने जाने वालों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। वनों के अवैध कटान, वन्य जीव सम्बन्धी अपराध, आंतकवादी व माओवादी गतिविधियां, अवैध खनन, पेट्रोल तस्करी की जानकारी प्राप्त करते हुये आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बार्डर एरिया में पिलर के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की, एसएसबी कमाडेंट को निर्देश्ति किया कि पिलर्स की नियमित निगरानी रखी जाये तथा पिलर्स की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाये।
अन्त में जिलाधिकारी ने आश्वस्त करते हुये कहा कि आपके द्वारा दिये गये निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराया जायेगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), अपर पुलिस अधीक्षक, एसएसबी कमाडेंट, उप जिलाधिकारी, आबकारी अधिकारी, औषधि निरीक्षक, आईबी के अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।