दैनिक अयोध्या टाइम्स ब्यूरो
पूरनपुर /पीलीभीत। माधोटांडा स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में सोमवार को विमुक्त जाति दिवस धूमधाम से मनाया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में छात्रों को विमुक्त, घुमंतु और अर्ध-घुमंतु जातियों के गौरवशाली इतिहास, उनके संघर्ष और अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। शिक्षकों ने बताया कि कैसे इन वीर समुदायों ने मुगलों और अंग्रेजों से लोहा लिया और देश की रक्षा की।
शिक्षकों ने बताया कि अंग्रेजी हुकूमत ने 1871 में क्रिमिनल ट्राइब्स एक्ट जैसे काला कानून लागू कर इन बहादुर जातियों को जन्मजात अपराधी घोषित कर दिया था। आजादी के बाद भी यह कलंक 5 साल तक जारी रहा। आखिरकार 31 अगस्त 1952 को इन्हें इस दमनकारी कानून से मुक्ति मिली, इसी खुशी में हर साल विमुक्त जाति दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर प्रभारी प्रधानाचार्य अनिल कुमार सक्सेना ने कहा कि इस दिवस का उद्देश्य इन समुदायों के बलिदान को याद करना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। छात्रों ने सामाजिक समरसता और समानता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में शिव ओम तिवारी, आनंद देवल, कृष्णकांत, कपिल कुमार, प्रीति राज सहित समस्त स्टाफ और सैकड़ों छात्र मौजूद रहे। वहीं समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा विमुक्त, घुमंतु समुदायों का इतिहास साहस और राष्ट्रसेवा का प्रतीक है। सरकार इन्हें शिक्षा और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”




