पूरनपुर।विकसित भारत के संकल्प को साकार करने तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत (माई भारत) पीलीभीत द्वारा विकसित जीवंत ग्राम रमनगरा में नशा मुक्त युवा-विकसित भारत कार्यक्रम एवं हर घर तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र द्वारा किया गया। इस अवसर पर डीसी मनरेगा, डीसी एनआरएलएम, डीएसटीओ, अजय, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी छविराम तथा जिला युवा अधिकारी (माई भारत) शिवम शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों ने सांस्कृतिक गीत, भाषण एवं कविताओं के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। माई भारत के सक्रिय स्वयंसेवक निमिष पाल ने नशा मुक्ति पर प्रभावशाली कविता प्रस्तुत कर युवाओं को नशे के विरुद्ध जागरूक किया। चाहत ऋषिवार एवं निशा ने अपने भाषण एवं काव्य प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों और इससे बचने के उपायों पर प्रकाश डाला। वहीं आशुतोष द्विवेदी ने लोकगीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया।
स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत कविताओं में देश की सुरक्षा में सशस्त्र सीमा बल के जवानों के योगदान और समर्पण को भी सम्मानपूर्वक याद किया गया। उनकी वीरता एवं कर्तव्यनिष्ठा को युवाओं के सामने प्रेरणा के रूप में प्रस्तुत किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र ने माई भारत के स्वयंसेवकों द्वारा की गई प्रस्तुतियों और जागरूकता प्रयासों की सराहना करते हुए सभी स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन के पश्चात सभी अतिथियों, माई भारत स्वयंसेवकों एवं ग्रामीण युवाओं ने श्हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आयोजित तिरंगा रैली में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली के दौरान देशभक्ति के नारों के साथ तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया।
मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों ने पूरे कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी करते हुए नशा मुक्त समाज, स्वस्थ युवा और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी राजेश गौतम, नागेंद्र कुमार, अवनीश कुमार, मंजिल मिश्रा, ग्राम प्रशासक मनजीत सिंह, रामजीवन सरकार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






