बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने करीब 20 वर्षों के बाद अब जाकर एक अणे मार्ग स्थित सीएम आवास को खाली किया है. आज (शुक्रवार) बुद्ध पूर्णिमा के दिन वे 7 सर्कुलर रोड में शिफ्ट हो गए. अपने बेटे निशांत कुमार के साथ नीतीश कुमार अब यहीं रहेंगे. आज (शुक्रवार) नए आवास में सत्यनारायण भगवान की पूजा हुई. अंदर से बंगले को फूलों से सजाया गया था. बौद्ध भिक्षुओं को भी आमंत्रित किया गया था. आज बुद्ध पूर्णिमा और यह शुभ दिन है. 14 अप्रैल को सीएम पद से नीतीश ने दिया था इस्तीफा14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार ने इस्तीफा दिया था. इसके बाद भी वे एक अणे मार्ग में ही रह रहे थे. 7 सर्कुलर रोड में धीरे-धीरे सामान शिफ्ट हो रहा था. बड़े सामान को पहले ही इस आवास में शिफ्ट किया जा चुका था. शुक्रवार की सुबह अन्य छोटे सामान जैसे बेड और तकिया आदि को शिफ्ट किया गया. दोपहर 12 बजे के बाद नीतीश कुमार 7 सर्कुलर रोड में शिफ्ट हो गए. अब नीतीश कुमार इसी आवास में रहेंगे. कहा जाए तो वे लालू यादव और राबड़ी देवी के पड़ोसी भी हो गए हैं. इसी मार्ग के 10 सर्कुलर में राबड़ी देवी का भी आवास है.सात सर्कुलर में नीतीश कुमार पहले भी रह चुके हैं. 2013 में जब उन्होंने मुख्यमंत्री का पद छोड़ा था और जीतन राम मांझी मुख्यमंत्री बने थे तो नीतीश कुमार इसी आवास में आए थे. दोबारा जब मुख्यमंत्री बने तो एक अणे मार्ग में रहने के लिए चले गए थे. दूसरी ओर एक अणे मार्ग अब जब खाली हो गया है तो यहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रहेंगे. अभी वह पांच देश रत्न मार्ग में रह रहे हैं. जब वह उपमुख्यमंत्री थे तो यही आवास उन्हें मिला था. अब जब मुख्यमंत्री बन गए हैं तो एक अणे मार्ग में शिफ्ट होंगे. देखना होगा कि सम्राट चौधरी सीएम आवास में कब से रहने के लिए आते हैं. बता दें कि नीतीश कुमार 2005 से सीएम रहे हैं और अब तक वे एक अणे मार्ग में ही रह रहे थे.






