मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद मुरादाबाद पुलिस द्वारा अपराध व अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए सघन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत कटघर थाना पुलिस ने अवैध तमंचे और कारतूस के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। वहीं जनपदीय पुलिस ने 1 वारंटी और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में 20 लोगों को हिरासत में लेकर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
कटघर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार लेकर क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पीतल नगरी क्षेत्र से अर्पित भटनागर पुत्र संजय भटनागर, निवासी पीतल नगरी, थाना कटघर को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर और 2 जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किए गए। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपदीय पुलिस ने एक वारंटी को गिरफ्तार किया। वारंटी सोनकपुर थाने से संबंधित था।
इसके अलावा शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में विभिन्न थानों से 20 लोगों को हिरासत में लिया गया। इसमें थाना मुगलपुरा से 2, कटघर से 6, पाकबड़ा से 1, भोजपुर से 2, बिलारी से 4, सोनकपुर से 1 और कुंदरकी से 4 लोगों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आमजन की सुरक्षा और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। अवैध हथियार रखने वालों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






