फर्रुखाबाद।
जनपद के शमसाबाद कस्बे में रविवार शाम को दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार संजय राजपूत रविवार शाम को ढाईघाट से अपनी बाइक द्वारा घर वापस लौट रहे थे। जब वे ढाईघाट मार्ग पर लक्ष्मी दूध डेयरी के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात बाइक सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संजय बाइक से उछलकर सड़क किनारे बनी नाली में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दुर्घटना को अंजाम देने के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और परिजनों को अवगत कराया। थानाध्यक्ष सचिन चौधरी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल संजय को अपनी जीप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमसाबाद पहुंचाया। वहां के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अलीम अंसारी ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद संजय को मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में पत्नी रामसखी, माता भगवती देवी, दो बेटे रोहित, रोहन और पांच बेटियां आरती, पल्लवी, प्रिया, गायत्री, लाली सब का रो रोकर बुरा हाल हैं।
परिवार में मचा कोहराम
संजय चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाई मनोज कुमार, वीरेंद्र कुमार और नरसिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस दुर्घटना से पूरे परिवार में मातम छा गया है।
पुलिस की कार्रवाई शमसाबाद थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस फरार अज्ञात बाइक सवार की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी हुई है।




