दैनिक अयोध्या टाईम्स
दयानन्द कुमार हापुड़
हापुड़। जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर हापुड़ पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में थाना पिलखुवा पुलिस ने नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए नामजद वांछित अभियुक्त तथा एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 13 जुलाई 2026 को पीड़िता पक्ष द्वारा थाना पिलखुवा में घटना के संबंध में सूचना दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक हापुड़ कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए तथा तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया।
गठित टीमों ने लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी और तकनीकी एवं स्थानीय सूचना तंत्र की सहायता से आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस के प्रयासों का परिणाम यह रहा कि बेहद कम समय में दोनों आरोपियों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित कर ली गई।
थाना पिलखुवा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत मुकदमा अपराध संख्या 358/2026, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं 5G/6 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत नामजद वांछित अभियुक्त अभिषेक तथा एक बाल अपचारी को ग्राम कांवी कट हाईवे सर्विस रोड क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ एवं जांच के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।
पिलखुवा प्रभारी निरीक्षक अतुल चौहान का कहना है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ जनपद में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि बाल अपचारी को नियमानुसार किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रस्तुत किया जाएगा।




