फर्रुखाबाद। जनपद की नगर पंचायत नवाबगंज में सोमवार शाम महज 30 मिनट की झमाझम बारिश ने लाखों रुपये की लागत से कराए गए नाला निर्माण कार्यों की पोल खोलकर रख दी। चंद मिनटों की बरसात के बाद नगर की मुख्य बाजार सड़क पूरी तरह जलमग्न होकर तालाब में तब्दील हो गई, जिससे आवागमन ठप हो गया और राहगीरों व दुकानदारों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा।
जलभराव से बदहाल मुख्य मार्ग और गलियां
सोमवार शाम करीब चार बजे हुई बारिश के बाद मुख्य बाजार मार्ग और डाकघर वाली गली में भारी जलभराव हो गया। हालात यह थे कि सड़क पर पानी इतना भर गया कि कई दोपहिया वाहन बीच रास्ते में ही बंद होकर फंस गए। मुख्य सड़क पर भरे इस पानी के बीच कुछ नन्हे-मुन्ने बच्चे नहाते हुए नजर आए, जिसका वीडियो और दृश्य सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है।
निर्माण कार्य पर उठे सवाल और जनता का आक्रोश
स्थानीय नागरिकों के अनुसार नगर के मुख्य मार्ग पर जल निकासी के लिए लाखों रुपये खर्च कर नाला निर्माण कराया गया है। हैरानी की बात यह है कि इस निर्माण कार्य को अभी एक वर्ष भी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन थोड़ी सी बारिश में ही स्थिति जस की तस बनी हुई है। नाला निर्माण के बावजूद पानी की सही निकासी न होने से जरा सी बारिश में ही सड़कें दरिया बन जाती हैं।
भ्रष्टाचार के आरोप
स्थानीय लोगों ने ठेकेदार के द्वारा कराए गए नाला निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए इसे सरकारी धन की बर्बादी और कमीशनखोरी का जरिया बताया है।
व्यापारी और राहगीर परेशान
जलभराव के कारण दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हुआ है और राहगीरों का निकलना दूभर हो गया है।जांच और स्थायी समाधान की मांगनगरवासियों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि जब हल्की बारिश में ही मुख्य सड़कें तालाब बन रही हैं, तो करोड़ों-लाखों की लागत का लाभ जनता को क्यों नहीं मिल रहा है। नागरिकों ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर नाला निर्माण की गुणवत्ता, उसमें खर्च हुई धनराशि और जल निकासी की व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, ताकि इस समस्या का स्थायी समाधान निकल सके।




