संवाददाता-अरविन्द कुमार
रामपुर, स्वार
रामपुर जनपद के स्वार क्षेत्र स्थित लाइफ लाइन हॉस्पिटल की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि पैसों की लालच में बिना योग्य डॉक्टर के ऑपरेशन कर देने से एक महिला की हालत नाजुक हो गई।
मामला स्वार निवासी फईम की भाभी समीना से जुड़ा है। परिजनों के अनुसार 22 जुलाई 2026 को प्रसव पीड़ा होने पर समीना को लाइफ लाइन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल संचालक और तथाकथित डॉक्टर नाज़िम व शाइस्ता ने तुरंत ऑपरेशन की सलाह दी और परिजनों को ब्लड की व्यवस्था के नाम पर बाहर भेज दिया।
आरोप है कि इसी बीच बिना किसी डिग्रीधारी गायनेकोलॉजिस्ट के महिला का ऑपरेशन कर दिया गया। परिजन जब लौटे तो महिला की हालत बिगड़ चुकी थी। 24 घंटे तक अस्पताल में इलाज के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हुई। जब हालत और खराब हुई तो आनन-फानन में पहले काशीपुर और फिर मुरादाबाद के लाल सिंह अस्पताल रेफर किया गया।
वहां जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए। डॉक्टरों ने बताया कि गलत ऑपरेशन के कारण महिला की किडनी फेल हो गई है, शरीर में *सेप्टिक संक्रमण* फैल गया है और लीवर भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अब महिला की जिंदगी भगवान भरोसे है।
घटना से गुस्साए परिजन ने सीएमओ रामपुर को लिखित शिकायत देकर दोषी डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि बिना डिग्री के ऑपरेशन कर मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
फिलहाल यह आरोप शिकायत के आधार पर हैं। जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। लेकिन सवाल ये है कि ऐसे अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग की नजर कब जाएगी?




