फर्रुखाबाद।
फर्रुखाबाद जिले में बुधवार को पैगंबर हजरत मोहम्मद के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में ‘ईद मिलादुन्नबी’ का पर्व पूरी अकीदत, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान नवाबगंज और सिरौली समेत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाले गए, जिसमें भारी संख्या में अकीदतमंदों ने हिस्सा लेकर अमन, शांति और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

नवाबगंज में दिखी गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी मिसाल
नवाबगंज में ‘फैजाने आला हजरत कमेटी’ के तत्वावधान में नया गनीपुर बंजारा बस्ती से एक विशाल जुलूस निकाला गया। यह जुलूस मुख्य चौराहा, मुख्य बाजार, अचरा तिराहा और बाईपास मार्ग से होता हुआ फर्रुखाबाद मार्ग की ओर रवाना हुआ। जुलूस में बच्चे, युवा और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में शिरकत की। डीजे पर गूंजती नातों और धार्मिक धुनों के बीच लोगों के हाथों में तिरंगे और धार्मिक झंडे नजर आए। इस दौरान हिंदू समाज के लोगों ने जगह-जगह जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया और दोनों समुदायों ने गले मिलकर पर्व की बधाइयां दीं, जिससे शहर में अनूठी गंगा-जमुनी तहजीब देखने को मिली। आयोजन को सफल बनाने में मुबीन खान, जीशान खान, अमीरुल हसन, इजहार अली, वारिस खान और सदर इलियास सहित कमेटी के अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

सिरौली और अन्य क्षेत्रों में भी रहे शांतिपूर्ण आयोजन
सिरौली में भी पारंपरिक श्रद्धा के साथ जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। यह जुलूस स्थानीय मस्जिद नूरी से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होता हुआ मोहम्मदाबाद रोड स्थित सिरौली मैन चौराहे पर पहुंचा और भ्रमण के पश्चात वापस मस्जिद पहुंचकर संपन्न हुआ। इसमें मस्जिद के इमाम अब्दुल मालिक हाफिज समेत सैकड़ों अकीदतमंद और गणमान्य लोग शामिल हुए।

सुदृढ़ सुरक्षा और शांति व्यवस्था
नवाबगंज, शमसाबाद, मोहम्मदाबाद, फर्रुखाबाद, फतेहगढ़, कंपिल और कायमगंज सहित पूरे जनपद में ईद मिलादुन्नबी के सभी आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। जुलूसों के दौरान पैगंबर हजरत मोहम्मद की शिक्षाओं को याद करते हुए समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का पैगाम दिया गया।





