धर्मेन्द्र सिंह किशनगंज।


किशनगंज। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, किशनगंज के तत्वावधान में मंगलवार को खगड़ा स्थित खेल भवन परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में जिले के नवपदस्थापित जिलाधिकारी सह रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष नवीन कुमार ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को मानव सेवा के लिए प्रेरित किया। शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. इच्छित भारत एवं सचिव मिक्की साहा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे श्रेष्ठ माध्यम है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने युवाओं एवं आम लोगों से रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर कर इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से शरीर पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि इससे नई एंटीबॉडी का निर्माण होता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है। उन्होंने लोगों से नियमित रक्तदान करने का आह्वान किया। रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. इच्छित भारत ने रक्तदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए कहा कि नियमित रक्तदान स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। वहीं सचिव मिक्की साहा ने रेड क्रॉस द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि “टीबी मुक्त भारत अभियान” के तहत संस्था टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें निःशुल्क खाद्य सामग्री उपलब्ध करा रही है।
शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। रक्तदान शिविर में कुल 38 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. राज किशोर चौधरी, डीएस डॉ. अनवर हुसैन, रेड क्रॉस के पदाधिकारी, चिकित्सक, तकनीशियन एवं बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित थे।






