मुसाफिरखाना (अमेठी)।
जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” और “नशा मुक्त अमेठी अभियान” को मंगलवार को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब मुसाफिरखाना पुलिस ने एक युवक को भारी मात्रा में स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी के पास से 102 ग्राम स्मैक बरामद हुई है।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान युवक के पास से 102 ग्राम स्मैक बरामद हुई। जब पुलिस ने मोटरसाइकिल के कागजात मांगे, तो आरोपी कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आमिर अहमद उर्फ लल्लू (19 वर्ष), पुत्र इश्तियाक अहमद, निवासी गाजनपुर दुवरिया, थाना भाले सुल्तान शहीद स्मारक, जनपद अमेठी के रूप में हुई है। प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार सिंह ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ थाना मुसाफिरखाना में मु0अ0सं0 59/26 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त स्पेलण्डर प्लस मोटरसाइकिल (यूपी 44 डब्लू 7624) को 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।





