धर्मेन्द्र सिंह किशनगंज।
किशनगंज। केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा विशेष शाखा में सिपाही (सामान्य बंद संवर्ग) के पदों पर चयन हेतु 24 जून को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के सफल एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मंगलवार को समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में प्रशासनिक पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं संबंधित कर्मियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।

बैठक में डीएम ने परीक्षा के निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन पर जोर देते हुए कहा कि आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने हाल के दिनों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए फर्जीवाड़े और डमी अभ्यर्थियों के मामलों का उल्लेख करते हुए सभी केंद्राधीक्षकों एवं दंडाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अभ्यर्थी की पहचान का गहन सत्यापन किया जाएगा तथा बायोमेट्रिक जांच और फोटो मिलान के बाद ही परीक्षा में शामिल होने की अनुमति मिलेगी। डीएम ने बताया कि जिले में कुल आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश सुबह आठ बजे से नौ बजे तक ही दिया जाएगा। नौ बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
भर्ती परीक्षा एक पाली में दो प्रश्न पत्रों में आयोजित होगी। पहला प्रश्न पत्र सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरा प्रश्न पत्र दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक होगा। इस परीक्षा में जिले के कुल 3,721 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला पुलिस बल और महिला दंडाधिकारी, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी पुरुष पुलिस बल एवं दंडाधिकारी द्वारा ली जाएगी। प्रशासन ने परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विशेषकर व्हाट्सएप और टेलीग्राम समूहों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी।
परीक्षा से संबंधित सूचना एवं शिकायतों के लिए जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। बैठक में एडीएम अमरेन्द्र कुमार पंकज, एसडीओ अनिकेत कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।





