फर्रुखाबाद।
फर्रुखाबाद जिले के थाना नवाबगंज क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहाँ करीब एक माह पूर्व एक महिला द्वारा अपने 10 महीने के बेटे को गाजियाबाद की एक महिला को गोद दिए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। बच्चे की मां ने गोद लेने वाली महिला पर बच्चे को किसी अन्य व्यक्ति को बेचने का गंभीर आरोप लगाया है।

क्या है पूरा मामला?
करीब एक महीने पहले थाना नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने तहसील कायमगंज में लिखापढ़ी कराकर अपने 10 माह के बेटे को गाजियाबाद की रहने वाली एक महिला को गोद दिया था। इस पूरी प्रक्रिया में थाना मेरापुर क्षेत्र के गांव साहबगंज निवासी एक परिचित युवक ने मध्यस्थता की थी, जिसके बाद महिला बच्चे को अपने साथ गाजियाबाद ले गई थी।
बच्चे को बेचने का आरोप
घटना के दो दिन पूर्व बच्चे की जन्म देने वाली मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उसने आरोप लगाया कि जिस महिला को उसने विश्वास के साथ अपना बच्चा गोद दिया था, उसने मासूम को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया है। शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। पुलिस ने साहबगंज निवासी बिचौलिए युवक से संपर्क साधा और गाजियाबाद की महिला को बच्चे के साथ तुरंत थाने आने का दबाव बनाया।
थाने पहुंचे दोनों पक्ष
पुलिस के कड़े दबाव के बाद शनिवार शाम गाजियाबाद निवासी महिला 10 महीने के मासूम को लेकर थाना नवाबगंज पहुँची। थाने में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर लंबी पूछताछ और बातचीत हुई।फिलहाल पुलिस तहसील में हुई गोद लेने की लिखापढ़ी, बच्चे के लेन-देन और लगाए गए तमाम आरोपों की गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस का बयान
वहीं थाना नवाबगंज के उपनिरीक्षक रामसिंह ने बताया कि दोनों महिलाओं से वार्ता करने के बाद बच्चा जन्म देने वाली मां को सौंप दिया गया है। वहीं चाइल्ड हेल्पलाइन की महिला अधिकारी ने बच्चे की मां को सख्त हिदायत दी कि वह हर माह घर पर आकर बच्चे को देखने आएंगी। बच्चे को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आनी चाहिए।





