फर्रुखाबाद।
जनपद फर्रूखाबाद की तहसील कायमगंज क्षेत्र के गांव पचरौली महादेवपुर गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां करीब 78 वर्षीय एक बुजुर्ग मलिखान सिंह को सरकारी दस्तावेजों में मृत घोषित कर उनकी लगभग 25 बीघा जमीन हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित बुजुर्ग ने संपूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

यह है पूरा मामला
पीड़ित मलिखान सिंह के आरोप के अनुसार इस पूरी साजिश में उनके परिवार के कुछ सदस्य और अन्य लोगों ने कुछ भ्रष्ट सरकारी कर्मचारियों और अज्ञात व्यक्तियों के साथ मिलकर यह षड्यंत्र रचा। आरोपियों पर आरोप है कि उन्होंने मिलीभगत कर फर्जी मृत्यु प्रमाण-पत्र और परिवार रजिस्टर की कूटरचित प्रतियां तैयार करवा लीं, जिसके आधार पर जीवित मलिखान सिंह को कागजों में मृत दर्शा दिया गया।
फर्जी दस्तावेजों के सहारे न्यायालय में वाद दायर
शिकायतकर्ता ने बताया कि इन्हीं फर्जी दस्तावेजों की मदद से नायब तहसीलदार कायमगंज के न्यायालय में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 33(1) के तहत आवेदन दाखिल किया गया। इस आवेदन में उन्हें मृत दिखाकर पचरौली महादेवपुर गांव स्थित विभिन्न गाटा संख्या की जमीन पर वारिसान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। मलिखान सिंह का कहना है कि इस मामले में वाद संख्या 2010/2025 के तहत अदालत में असत्य और पूरी तरह निराधार शपथ-पत्र भी प्रस्तुत किए गए।
प्रशासन से न्याय की आस
दिनदहाड़े और साजिश के तहत खुद को मृत दिखाकर पुश्तैनी और कीमती जमीन हड़पे जाने से आहत बुजुर्ग मलिखान सिंह ने अब प्रशासनिक और प्रशासनिक अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस गंभीर मामले ने स्थानीय स्तर पर हड़कंप मचा दिया है। पीड़ित ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस जालसाजी में शामिल सभी भू-माफियाओं और कर्मचारियों को बेनकाब कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा।






