फर्रुखाबाद।
जनपद के थाना शमशाबाद क्षेत्र के ढाई घाट गंगा पुल पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां कुमरोहर गांव के निवासी 55 वर्षीय राजेश सिंह ने संदिग्ध परिस्थितियों में गंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद से ही गोताखोर और स्टीमर की मदद से उनकी तलाश जारी है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। वहीं, पीड़ित बेटे ने पिता के दोस्तों पर गंगा में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है।

शराब पीने के दौरान हुई बहस
जानकारी के अनुसार राजेश सिंह अपने दो दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल से ढाई घाट पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि घाट पर तीनों ने साथ मिलकर शराब पी। इसी बीच किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी हो गई। बहस बढ़ने पर राजेश ने अचानक पुल से गंगा में छलांग लगा दी। घटना से घबराए दोनों दोस्त सीधे शमशाबाद थाने पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पुलिस और गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सचिन चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारकर खोजबीन शुरू करवाई। देर रात तक सफलता न मिलने पर परिजनों को सूचित किया गया। शुक्रवार सुबह थाने पहुंचे परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द राजेश को ढूंढने की गुहार लगाई।
बेटे का आरोप दोस्तों ने रची साजिश
राजेश के इकलौते बेटे राजन ने अपने पिता के दोस्तों पर हत्या की नीयत से गंगा में फेंकने का आरोप लगाया है। राजन का कहना है कि दोस्त उसके पिता को जबरन बाइक पर बैठाकर ढाई घाट ले गए थे और शराब पिलाने के बाद उन्हें नदी में धक्का दे दिया। राजन ने यह भी दावा किया कि दो साल पहले भी इन्हीं दोस्तों ने उसके पिता के साथ मारपीट की थी।
परिवार में छाया मातम
राजेश सिंह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे हैं। उनकी आठ बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है, जबकि इकलौता बेटा राजन अभी अविवाहित है। घटना के बाद से पत्नी रानी देवी और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष का बयान
थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि व्यक्ति के गंगा में कूदने की सूचना पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गोताखोरों और स्टीमर को तलाश में लगाया है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्षता से जांच की जा रही है और सत्यता के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






