सरसावा(अंजू प्रताप)। अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर नो पार्किंग क्षेत्र में ट्रकों की अवैध पार्किंग को लेकर रविवार को थाना सरसावा पुलिस ने सख्त रवैया अपनाते हुए कार्रवाई की। लंबे समय से हाईवे किनारे ट्रकों के अव्यवस्थित खड़े होने की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। पुलिस की इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंबाला बाईपास और हाइवे किनारे खड़े ट्रकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की। इस दौरान नो पार्किंग में खड़े ट्रकों के कुल 17 चालान किए गए और ₹29,500 का जुर्माना लगाया गया।
उन्होंने बताया कि अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर नो पार्किंग क्षेत्र में भारी वाहनों की अवैध पार्किंग से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इसके चलते आम जनता को असुविधा और दुर्घटना का खतरा बना हुआ था। ऐसे में पुलिस ने सख्ती के साथ अभियान चलाया। आगे भी यदि कोई वाहन चालक नियमों की अनदेखी करेगा तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस तत्परता की सराहना करते हुए इसे सड़क सुरक्षा के लिए जरूरी कदम बताया है।







