परीक्षा केंद्रों पर 27 जुलाई को होगी समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (प्रा0) परीक्षा
दैनिक अयोध्या टाइम्स ब्यूरो
पीलीभीत /जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में लोक सेवा आयोग द्वारा 27 जुलाई 2025 को आयोजित होने वाली समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा की तैयारियों के सम्बन्ध में बैठक गांधी सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ऋतु पूनिया द्वारा आयोग द्वारा दिये गये निर्देशों के सम्बन्ध में सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक एवं सह केन्द्र व्यवस्थापकों को विस्तार पूर्वक परीक्षा संचालन सम्बन्धी जानकारी प्रदान की गई।
जिलाधिकारी ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुये कहा कि लोक सेवा आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाये। आयोग द्वारा प्रतिबन्धित सामग्री कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा केन्द्र के अन्दर लेकर न जाने पाये। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाऐं पूर्ण कर लें। समस्त सम्बन्धित अधिकारी को परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शान्तिपूर्ण सम्पन्न कराने के निर्देश दिये।
उन्होंने सम्बन्धित अधिकारी को निर्देशित करते हुये कहा कि प्रत्येक कक्ष के सीसीटीवी कैमरे, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, पेयजल आदि की जांच कर ली जाये यदि कही कोई कमी हो तो उसे पूर्ण कर लिया जाये। उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्र पर कोई भी कर्मचारी बिना आईडी के पाया गया तो उसके विरूद्व कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दृष्टिगत पुलिस बल की तैनाती रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड पर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाए।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि लोक सेवा आयोग द्वारा समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (प्रा.) परीक्षा, दिनांक 27 जुलाई 2025 को जनपद के 14 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जायेगी। परीक्षा में कुल 6072 अभ्यर्थी सम्मिलित होगे। परीक्षा प्रातः 9ः30 से 12.30 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा नकलविहीन, निर्विघ्न रूप से सम्पन कराये जाने के लिए 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 14 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 14 केन्द्र व्यवस्थापक एवं 14 सह केन्द्र व्यवस्थापक नियुक्त किये गये हैं।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0), जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक, सह केन्द्र व्यवस्थापक, अधिशासी अभियन्ता विद्युत, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी एवं सुरक्षा एजेंसी के कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।






