महिला पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

युवतियों को दिए सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के पाठ

EDITED BY: DAT BUREAU

UPDATED: Wednesday, September 2, 2026

फर्रुखाबाद। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सुदृढ़ करने के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति अभियान 5.0’ के तहत जनपद के थाना नवाबगंज की महिला पुलिस टीम ने कस्बे में विशेष जागरूकता अभियान का संचालन किया। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें आपातकालीन स्थितियों के लिए तैयार करना था।अभियान के दौरान महिला आरक्षी कीर्ति, सपना और ममता ने स्थानीय महिलाओं और युवतियों से संवाद स्थापित कर उन्हें विभिन्न सुरक्षा उपायों और कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी।

पुलिसकर्मियों ने वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों पर विशेष रूप से चर्चा करते हुए ऑनलाइन बैंकिंग में सावधानी बरतने, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने और अपनी ओटीपी या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से भी साझा न करने की सख्त हिदायत दी। सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के तौर-तरीके भी साझा किए गए।

प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी

सतर्कता और त्वरित सहायता के उद्देश्य से पुलिस टीम ने महिलाओं को शासन द्वारा संचालित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन पुलिस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, अन्याय या विषम परिस्थितियों में घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि साहस का परिचय देते हुए तुरंत इन नंबरों या स्थानीय पुलिस से संपर्क करें। महिला पुलिस टीम ने यह भी भरोसा दिलाया कि जनपद की पुलिस बालिकाओं और महिलाओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए चौबीसों घंटे पूरी तरह तत्पर है।

उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिले