फर्रुखाबाद। जनपद के कस्बा नवाबगंज चौराहे और मंझना रोड पर शराबियों के हंगामे और आए दिन होने वाली मारपीट से आम जनमानस का जीना मुहाल हो गया है। चौराहे के पास स्थित शराब ठेके के आसपास खुलेआम शराब पीने का सिलसिला चल रहा है, जिसके बाद नशे में धुत लोग सड़कों पर उतरकर राहगीरों के साथ विवाद और मारपीट करते हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार को भी बरतल जाने वाले मार्ग पर शराब के नशे में धुत दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे वहां से गुजरने वाले लोगों और दुकानदारों में भारी दहशत फैल गई। चौराहे पर पुलिस की मौजूदगी के बावजूद शराबियों में खाकी का कोई खौफ नजर नहीं आ रहा है। सबसे अधिक परेशानी इस मार्ग से आने-जाने वाली महिलाओं और युवतियों को उठानी पड़ रही है, जो शराबियों के जमावड़े के कारण खुद को असुरक्षित महसूस करती हैं।
अवैध गांजे की बिक्री की भी चर्चा
नगरीय सूत्रों की जानकारी से इसी मार्ग पर अवैध रूप से गांजे का कारोबार किए जाने की भी चर्चा है। लोगों का दावा है कि इस संबंध में थाना पुलिस को मौखिक शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कथित अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है। हालांकि, गांजा बिक्री से जुड़े इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
परेशान स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और पुलिस उच्चाधिकारियों से मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है। लोगों ने चौराहे और मंझना रोड पर पुलिस गश्त बढ़ाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों और हुड़दंगियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की गुहार लगाई है, ताकि किसी बड़ी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।




